उरई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को शांतिनगर स्थित विराट आरओ इकाई पर छापा मारा। यहां फुटकर पानी बिक्री का खाद्य पंजीकरण होने के बावजूद वाटर किंग ब्रांड के पानी के पाउच बनाए जा रहे थे। जांच में पाउच और बोरियों पर मानकों का उल्लंघन मिलने के साथ परिसर में साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। टीम ने 129 बोरियां और एक अन्य बोरी में रखे 55 पाउच सीज कर दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश प्रसाद ने इकाई संचालक जितेंद्र कुमार निवासी शांतिनगर से वाटर किंग ब्रांड के पानी के पाउच का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा। सीज किए गए पाउचों की कुल कीमत 5182 रुपये बताई गई है। इकाई में पानी के पाउचों का निर्माण तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डॉ. सीआर प्रजापति के निर्देशन और मौजूदगी में की गई। वहीं, खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूकता और शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों के प्रचार-प्रसार के लिए कालपी और कदौरा में नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया गया।