आटा। थाना क्षेत्र के पिपरायां गांव में निर्माणाधीन मकान की खोदाई के दौरान कथित रूप से सोने के आभूषणों से भरा मटका मिलने की चर्चा से पूरे इलाके में हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। हालांकि वायरल वीडियो में किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार पिपरायां निवासी मनोज जो गुजरात में पानीपूरी का व्यवसाय करते हैं ने गांव में मकान निर्माण का ठेका स्थानीय कारीगर मिट्ठू को दिया था। इसी दौरान गांव में यह चर्चा फैल गई कि मकान की नींव की खोदाई करते समय मिट्ठू और उसके सहयोगी को सोने के आभूषणों से भरा एक मटका मिला है।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब सोशल मीडिया पर एक किशोरी का वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में उसने दावा किया कि उसके पिता को खोदाई के दौरान धन मिला था, जिसे बाद में घर में छिपा दिया गया। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा धन की जानकारी हासिल करने और उसे बेचने के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया है।
ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि कथित रूप से मिले आभूषणों की जांच पहले एक सराफ के पास कराई गई थी और बाद में कुछ सामान बेचने का प्रयास किया गया। हालांकि इन सभी दावों की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले में कुछ लोगों से पूछताछ शुरू की है। वहीं घटना के बाद से संबंधित कारीगर के गांव में नहीं दिखने की भी चर्चा है।
थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।