कॉलपी सीओ को ज्ञापन देते व्यापारी
- फोटो : ORAI
कालपी। कोरोना कर्फ्यू के दौरान पुलिस द्वारा चाय विक्रेता की पिटाई के मामले में उद्योग व्यापार मंडल के सदस्यों ने क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
सीओ को दिए ज्ञापन में व्यापारी नेताओं ने बताया कि टरननगंज बाजार में पुरानी छत्रसाल बैंक के सामने बुजुर्ग चाय विक्रेता सुरेंद्र गुप्ता उर्फ पप्पू शनिवार की रात 8 बजे अपनी दुकान का शटर गिरा रहा था। तभी चार-पांच पुलिस कर्मियों ने चाय विक्रेता को अकारण दबंगई दिखाते हुए गाली गलौज करते हुए लाठी से पिटाई कर दी। इस पिटाई में उसके हाथ का अंगूठा फट गया। इस घटना से व्यापारी वर्ग बहुत ही आहत हैं। दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।
सीओ ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है। ज्ञापन देने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रविन्द्र नाथ गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, आशीष चतुर्वेदी, सुरेंद्र नाथ गुप्ता, संदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।