डकोर ब्लॉक परिसर में हंगामे के बाद मौजूद लोग
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद(जालौन)। ब्लॉक परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक एआरओ ने ग्रामीणों से अभद्रता शुरू कर दी। मामले के तूल पकड़ते ही डीएम व एसडीएम मौके पर पहुंचे गए और एआरओ को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि एआरओ के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
बात दें कि गुरुवार को नामांकन का अंतिम दिन था। जिसको लेकर प्रशासन ने पहले ही व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रखी थी। नामांकन में भीड़-भीड़ न हो इसके लिए ब्लॉक कार्यालय पर अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। क्षेत्र में निर्वाचन के लिए भूमि संरक्षण विभाग के अवर अभियंता इंद्र मोहन पाठक को डकोर ब्लॉक का एआरओ बनाया गया था। काउंटर नंबर तीन में क्षेत्र के चार गांव डकोर, मुहाना, मकरेछा व जैसारी गांव के प्रधान व बीडीसी के नामांकन किए जा रहे थे। आरोप है कि एआरओ सुबह से ही नामांकन करने आने वाले प्रत्याशियों से अभद्रता कर रहे थे, जिससे प्रत्याशी उग्र हो गए और हो हल्ला करने लगे।
कुछ लोगों ने एआरओ पर नशे में होने का भी आरोप लगाया। मामले की सूचना मिलते ही जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका निरंजन व एसडीएम सत्तेन्द्र कुमार मौके पर पहुंच गए। डीएम ने एआरओ कड़ी फटकार लगाते हुए, उसे डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि एआरओ के नशे में होने की बात गलत है लेकिन वह मानसिक रूप से कुछ परेशान जरूर थे। फिलहाल निर्वाचन आयोग में कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जा रहा है।