उरई। रेलवे स्टेशन से कार्यदायी संस्था रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) ने काम के चलते फुट ओवरब्रिज से निकासी का रास्ता बंद कर दिया। इसके चलते मोहल्ला तुफैलपुरवा, इंदिरानगर की करीब पचास हजार की आबादी प्रभावित हो गई। मामला सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा के पास पहुंचा तो उन्होंने रेलवे अधिकारियों से बात की। स्टेशन पर उन्होंने आरवीएनएल के अधिकारियों से रास्ता बंद होने का कारण पूछा। अधिकारियों ने बताया कि काम के चलते रास्ता बंद है लेकिन जल्द ही निकासी का इंतजाम कर दिया जाएगा।
बुधवार की सुबह स्टेशन पहुंचे विधायक ने आरवीएनएल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियांक गुप्ता को बुलाया। इस बीच मोहल्लेवाले भी आ गए और उन्होंने बताया कि रास्ता बंद होने से उन्हें करीब पांच किलोमीटर घूमकर जाना पड़ रहा है। प्लेटफार्म के अंदर से घुसने पर रेलवे सुरक्षा बल परेशान करते हैं। विधायक ने रेल अधिकारियों से समस्या के निदान की बात कही। आरवीएनएल के अधिकारियों ने कहा कि वह फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों वाला रास्ता जल्द खुलवा देंगे। साथ ही मोहल्लेवालों के आने-जाने के लिए घुमावदार रैंप भी बनाया जाएगा ताकि महिला व बच्चों को कोई दिक्कत न हो।
उन्होंने इसके लिए तीन महीने की मोहलत मांगी। विधायक ने कहा कि एक तरफ का रास्ता खुलवाया जाए ताकि लोगों को दिक्कत न हो। विधायक ने इंदिरानगर तरफ बनाई जा रही बाउंड्रीवाल के किनारे जो नाली बनाई गई है, उसमें सुरक्षात्मक जाली लगवाने के लिए भी कहा। इस पर रेल अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा जाली बनवाई जा रही है, जल्द लगवा दी जाएगी।