एसपी यशवीर सिंह हरी झंडी दिखा दमकल वाहन को रवाना करते हुए
- फोटो : ORAI
उरई। अग्निशमन सेवा स्मृति दिवस के मौके पर पुलिस लाइन स्थित फायर स्टेशन से बुधवार को एसपी डॉ यशवीर सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि देकर अग्निशमन सप्ताह के लिए जागरुकता वाहन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने बताया कि यह वाहन पूरे जनपद में सप्ताह भर घूम कर लोगों को आग से बचाव के लिए जागरूक करेगा।
एसपी ने बताया कि यह स्मृति दिवस 14 अप्रैल को फायर सर्विस के उन 66 कर्मिंयों और अधिकारियों की याद में मनाया जाता है, जो कि 1944 को मुंबई डाक यार्ड में लगभग 600 टन बारूद, रूई की गाठें व तेल के ड्रम से भरे फोर्ट स्टाईकाइन जहाज में लगी आग को बुझाने में शहीद हो गए थे। इसी क्रम में 14 से 20 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस कड़ी में 15 अप्रैल को सुबह अग्निश्मन वाहनों में बैनर लगाकर रूट मार्च किया जाएगा और पर्चे बांटे जाएंगे। 16 को स्कूलों में निबंध व चित्रकला की प्रतियोगिता का आयोजन, 17 से 19 को विभिन्न इकाइयों तथा बहुखंडीय भवनों में स्थापित यंत्रों व उपकरणों का परीक्षण व ड्रिल का प्रस्ताव रखा गया है। 20 को ग्रामीण क्षेत्रों में पंफलेट व पोस्टरों के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर जागरूक किया जायेगा। साथ ही समय-समय पर अभियान चलाकर विभिन्न अस्पताल, कॉलेजों, होटल आदि में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के उपायों की समीक्षा की जाएगी।
अग्निशमन अधिकारी रामराजा यादव ने कहा कि बीते दिनों लगातार खेतों में लग रही आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए भी दमकल विभाग के कर्मचारियों ने खासी मेहनत की है। घटनाओं को कम करने के लिए किसानों का भी जागरूक होना जरूरी है। कहा कि जल्द ही होटल, गेस्ट हाउस, अस्पताल और स्कूल-कॉलेजों में भी चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। इस मौके पर एएसपी राकेश सिंह, चंद्र प्रकाश, जमुना प्रसाद आदि दमकल कर्मी मौजूद रहे।