कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज होते लोग
- फोटो : ORAI
उरई। कोरोना संक्रमण से तीन और मौतें हो गई। जिले में पहली बार एक साथ तीन लोगों की कोरोना से मौत हुई है। मृतकों में सभी महिलाएं हैं। जबकि 76 नए कोरोना पॉाजिटिव निकले हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4555 हो गई है। जिसमें 4048 ठीक हो चुके हैं। फिलहाल एक्टिव केस 455 है।
जिला प्रशासन की ओर से देर रात जारी रिपोर्ट के मुताबिक, कोरोना से तीन महिलाओं की मौत हुई है। राजकीय मेडिकल कालेज में भर्ती जालौन के सिकरीराजा निवासी प्रेमादेवी (55) व शहर के मोहल्ला पटेलनगर निवासी मीना अग्रवाल (59) की कोरोना से मौत हुई है। जबकि कानपुर में भर्ती आटा निवासी सरोज देवी (60) की कोरोना से मौत हो गई है। इसके साथ ही जिले में कोरोना से मृतकों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। इसके अलावा जिले में 76 नए पाजिटिव केस आए हैं। जिसमें सर्वाधिक उरई तहसील क्षेत्र में 23 केस, जालौन तहसील क्षेत्र में 13, कालपी तहसील क्षेत्र में 19, कोंच तहसील क्षेत्र में 10, माधौगढ़ तहसील क्षेत्र में 11 केस आए हैं।
सीएमओ डॉ ऊषा सिंह ने बताया कि कांटेक्ट ट्रेसिंग में दस केस आए हैं तो पूल टेस्टिंग में 66 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने बताया कि जहां भी कोरोना के केस मिले हैं, वहां सैनिटाइजेशन कराने के साथ ही सभी संक्रमितों की कांटेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोरोना से एक साथ तीन लोगों की मौत पहली बार हुई है। कोरोना संक्रमण लगातार खतरनाक होता जा रहा है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बिना काम के घर से निकलने में परहेज करें। सामाजिक दूरी का पालन करें और मास्क का प्रयोग करते रहे। प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली दवाइयों का सेवन करें। सर्दी, बुखार, जुकाम, सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर से सलाह लें और कोरोना संबंधी जांच कराए। खुद सुरक्षित रहे और दूसरों को भी सुरक्षित रखें।