पुलिस लाइन में डीएम मन्नान अख्तर को स्मृति चिन्ह देते एसपी यशवीर सिंह।
- फोटो : ORAI
उरई। पुलिस लाइन में छह माह से ट्रेनिंग कर रहे दो सौ रिक्रूट आरक्षियों की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में दीक्षांत परेड हुई। परेड के बाद मुख्य अतिथि ने अधिकारियों व कर्मचारियों को पुरस्कृत किया।
पुलिस लाइन उरई में जनपद एटा की 43 वीं वाहिनी पीएसी से भेजे गए दो सौ रिक्रूटों की छह माह से ट्रेनिंग चल रही थी। ट्रेनिंग के दौरान रिक्रूटों को सभी प्रकार के प्रशिक्षण दिए गए। जिसमें योगा, दंगा नियंत्रण, यातायात व्यवस्था आदि के साथ साथ कानून की जानकारी भी दी गई। गुरुवार को ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड का आयोजन हुआ। जिसमें 198 रिक्रूट परेड में शामिल हुए परेड के मुख्य अतिथि डीएम डा. मन्नान अख्तर व एसपी डा. यशवीर सिंह ने परेड की सलामी ली। इसके बाद परेड का निरीक्षण कर परेड देखी। परेड के बाद डीएम ने सभी को देश के कानून की रक्षा करने व ड्यूटी के प्रति ईमानदारी बरतने की शपथ दिलाई। ट्रेनिंग के दौरान अच्छा प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट विकाश भरद्वाज, अनुज यादव, रामकुमार, अमर सिंह, अमित प्रकाश, सौरभ कुमार, नागेंद्र सिंह सहित अन्य रिक्रूटों को स्मृति चिन्ह देकर डीएम व एसपी ने सम्मानित किया। ट्रेनिंग कराने वाले आरटीसी नोडल अधिकारी सीओ सुबोध कुमार गौतम, आरटीसी प्रभारी निरीक्षण शैलेंद्र सिंह, मेजर सुनील कुमार को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान एएसपी डा. अवधेश सिंह, सीओ संतोष कुमार, सीओ संजय शर्मा, सीओ राहुल पांडेय, आरआई अवधेश कुमार सिंह सहित तमाम अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।