माधौगढ़(जालौन)। चोरी की हांडा सिटी कार बेचने जा रहे तीन वाहन चोरों को पुलिस ने पकड़ सिया। उनके पास से दिल्ली से चुराई गई कार के अलावा दो तमंचे व कारतूस भी बरामद हुए हैं। माधौगढ़ इंस्पेक्टर बीएल यादव ने बताया कि तीनों शातिर हैं और दिल्ली, एमपी व यूपी से चार पहिया वाहन चोरी करते हैं। इनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि सटीक सूचना पर मंगलवार की देर रात मिझौना तिराहे के पास सूचना पर दिलशाद पुत्र शहजाद निवासी खानपुर चौराहा जनपद औरैया, जीतेंद्र पुत्र श्याम सुंदर निवासी तिलकनगर औरैया और इमरान उर्फ काकू पुत्र फिरोज निवासी कांशीराम कालोनी औरैया को चोरी की हांडा सिटी कार के साथ पकड़ा गया है। इनके पास से दो तमंचे भी मिले हैं। गिरोह का सरगना जीतेंद्र है, जिसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। तीनों के खिलाफ यूपी के कई थानों के अलावा दिल्ली और एमपी में भी मामले दर्ज हैं। तीनों दिल्ली से चुराई गई कार को बेचने की फिराक में थे। फिलहाल उनके गिरोह के अन्य सदस्यों का पता किया जा रहा है। इंस्पेक्टर ने बताया कि तीनों चार पहिया वाहन ही चुराते हैं और इनके पास मास्टर की भी रहती है।