उरई। एसपी ने जिले के थाना कोतवाली में तैनात चार निरीक्षकों व दो उप निरीक्षकों की तैनाती में फेरबदल किया। इसमें डकोर कोतवाल रहे बीएल यादव को माधौगढ़ थाने का चार्ज दिया गया। तो कोटरा थाना प्रभारी आरके सिंह को डकोर की कमान सौंपी। पुलिस अधीक्षक डॉ. सतीश कुमार पिछले कई दिनों से जिले की पुलिसिंग में बराबर बदलाव कर रहे हैं, जिसमें एक बार फिर उन्होंने विभाग में पुलिस कर्मियों की तैनाती में फेरबदल किया।
माधौगढ़ के प्रभारी निरीक्षक सुनील यादव को गैर जनपद स्थानांतरण के लिए कार्यमुक्त कर दिया और उनके स्थान पर माधौगढ़ थाने की जिम्मेदारी डकोर कोतवाल रहे बीएल यादव को दी जबकि डकोर थाने का चार्ज कोटरा के इंस्पेक्टर आरके सिंह को दिया। एसपी के अपने पीआरओ रहे निरीक्षक सुधांशु पटेल को कोटरा भेजा और कालपी कोतवाली से लाइन हाजिर हुए कोतवाल मानिक चंद पटेल को पीआरओ बनाया। इसके अलावा एसपी ने कुठौंद की कंझारी चौकी में तैनात दरोगा दिनेश गिरी को लाइन हाजिर किया और उनके स्थान पर कंझारी चौकी की जिम्मेदारी कदौरा में तैनात रहे दरोगा सर्वेश कुमार को दी। एट थाने में तैनात रहे दरोगा उमेश कुमार को कुठौंद थाने भेजा गया है।
वहीं, जिले की कानून व्यवस्था देखते हुए एसपी ने कलपी सीओ राहुल पांडेय को कोंच भेजा तो वहीं कोच सीओ आरपी सिंह को कालपी सीओ बनाया।