कुठौंद। क्षेत्र के ग्राम पंचायत भदेख में एक माह से मजदूरी का भुगतान न होने से मजदूरों में आक्रोश है। मंगलवार को मजदूरों ने ब्लॉक कार्यालय में पहुंचकर बीडीओ को ज्ञापन दिया। इस दौरान उनहनें जल्द से जल्द मजदूरी दिलाने की मांग की।
मनरेगा मजदूर रामाधार, कमल कुमार, लालाराम, अशोक, कृष्णा देवी, रामलखन परशुराम, दीपा देवी, जल देवी, राजेश्वरी, रामनरेश माया देवी इन मजदूरों ने बताया कि भुगतान न होने से भरण पोषण में भी दिक्कतें आ रही है। मजदूरों का आरोप है कि ग्राम प्रधान श्यामसुंदर निषाद और पंचायत मित्र जंटर बाबू ने एक माह पूर्व गांव में कच्चा पक्का कार्य करवाया था, लेकिन मजदूरी के पैसे का भुगतान नहीं किया। जब प्रधान से मजदूरी का पैसा मांगा गया तो प्रधान का कहना है कि बिना कमीशन के भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों ने आरोप लगाया प्रधान ने ऐसे लोगों का भुगतान कर दिया है, जो लोग कभी भी मजदूरी के लिए नहीं गए है, केवल हाजिरी लगाई जाती है। वहीं, बीडीओ संदीप कुमार ने बताया ग्राम प्रधान पंचायत सचिवों को बुलाया है शीघ्र जांचकर भुगतान कराया जाएगा, यदि अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।