कुठौंद। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माणाधीन कार्य में मिट्टी डाल रहे डंपर में ऊपर से निकली लाइन से करंट आ गया। इससे डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
कुठौंद थाना क्षेत्र के एकों गांव के पास एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें एकों गांव निवासी छोटे राजा यादव (28) डंपर चलाकर मिट्टी डालने का काम कर रहा था। बुधवार की शाम वह डंपर से मिट्टी डाल रहा था। तभी ऊपर से निकली 11 हजार वोल्ट की लाइन डंपर से छू गई, जिससे उसमें करंट दौड़ गया। डंपर चालक छोटे राजा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं सूचना पाकर बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए।