आटा। हाईवे पर नवीन गल्ला मंडी के सामने स्थित मुर्गा फार्म से मंगलवार की रात बदमाश असलहों के बल पर 10 क्विंटल मुर्गे लूट ले गए। उनकी कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई जा रही है। बुधवार को पीड़ित फार्म संचालक ने थाने जाकर पुलिस को तहरीर दी तो उसे जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर टरका दिया गया। उधर, इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने घटना की जानकारी से इंकार किया।
ग्राम चमारी निवासी नादिर पुत्र आशिक दौला ने पुलिस को बताया कि मंगलवार की देर रात एक ग्राहक 10 क्विंटल मुर्गा लेने आया तो उसने पास स्थित फार्म हाउस से 120 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मुर्गों की तौल करा दी। इस पर खरीदार ने दस-दस के नोटों की दो गड्डी नादिर को थमाई और मुर्गों से भरी वैन लेकर जाने लगा। इस पर नादिर ने जब उसे टोका तो खरीदार बना बदमाश उसे धमकाने लगा। इस बीच बदमाश की चार और साथी दो बाइकों पर सवार होकर फार्म पर पहुंच गए। नादिर के मुताबिक उनमें से एक ने उन पर तमंचा तान दिया। इसके बाद सभी पांचों बदमाश मौके से भाग निकले। लूटे गए मुर्गों की कीमत करीब सवा लाख रुपये बताई जाती है। बुधवार सुबह जब नादिर तहरीर लेकर थाने गया तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे टरका दिया। वहीं पूरे मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि उन्हें न तो कोई तहरीर मिली है और न ही कोई पीड़ित उनकेे पास आया है। बता दें कि दो दिन पहले थाना क्षेत्र में दो दुकानों से चोरी हुई थी, उसका भी खुलासा नहीं हो सका है।