कुठौंद। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक, उनकी पत्नी और पांच वर्षीय नाती गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर युवक को कानपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, घायल महिला और बच्चे का उपचार जारी है।
ग्राम आलमपुर जागीर निवासी जयसिंह राठौर ने थाना पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पिता रामबाबू पत्नी माया देवी और करीब पांच वर्षीय नाती दीपांशु के साथ 20 नवंबर को मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे जालौन की ओर से कुठौंद आ रही ईको कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में रामबाबू के सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं मासूम दीपांशु का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि माया देवी को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का उपचार चल रहा है।
जयसिंह के मुताबिक हादसे के बाद ईको कार चालक और वाहन को मौके पर ही पकड़ लिया गया था। उन्होंने 22 नवंबर को थाना कुठौंद में तहरीर देकर कार चालक और वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, दुर्घटनाग्रस्त वाहन कब्जे में लेने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।