फोटो - 15 कागज फैक्टरी में लगी भीषण आग। संवाद
कालपी। कोतवाली क्षेत्र के निकासा मोहल्ला स्थित कागज फैक्टरी में बृहस्पतिवार दोपहर हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी के कारण भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते फैक्टरी में रखे कच्चे माल और अन्य सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे तक मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया। फैक्टरी मालिक ने अग्निकांड में करीब 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
फैक्टरी मालिक तुलसीराम कोष्टा ने बताया कि गुरुवार दोपहर फैक्टरी में कामकाज चल रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी नीचे रखे कच्चे माल पर गिर गई। फैक्टरी में कागज बनाने के लिए बड़ी मात्रा में कच्चा माल रखा था, जिससे आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। इससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों ने करीब दो घंटे तक पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि, कच्चे माल के लगातार सुलगने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
फैक्टरी मालिक तुलसीराम कोष्टा ने बताया कि आग से लाखों रुपये का कच्चा माल और अन्य सामग्री क्षतिग्रस्त हो गई है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, फैक्टरी के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना के करीब तीन घंटे बाद तक किसी प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर लोगों में चर्चा रही। फिलहाल नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाना बाकी है। सीओ सदानंद सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। वास्तविक कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।