जालौन। दुकान के ऊपर लगे टिन शेड के बोल्ट खोलकर चोर दुकान में घुस गए। चोरों ने दुकान की गुल्लक में रखे लगभग 8 हजार रुपये नगद व 3 चांदी के सिक्के पार कर दिए। पीड़ित की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके का मुआयना किया और चोरों की तलाश शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कछोरन निवासी बृजकिशोर ने पुलिस को बताया कि उनकी जनरल स्टोर की दुकान लंगुटिया वाली गली में है। सोमवार रात तकरीबन 2 बजे चोर दुकान के ऊपर लगे टिन शेड के बोल्ट खोलकर दुकान के अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान की गुल्लक व मंदिर के चंदे की गुल्लक में रखे लगभग 8 हजार रुपये समेत तीन चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। टिन शेड की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी। जिसके बाद वह रात में ही दुकान पर पहुंचे और 112 नंबर पर पुलिस को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया तब देखा कि हड़बड़ी में भागते समय चोरों के हाथ से कुछ सिक्के दुकान के पीछे गिर गए। दुकानदार की सूचना पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
टिन शेड तोड़कर चोरी करने घुसे थे चोर- फोटो : ORAI