स्टेट बैंक मुख्य शाखा में ग्राहकों की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
उरई(जालौन)। पिछले पांच दिन की छुट्टी के बाद गुरुवार को बैंकों के खुलते ही जमा और निकासी के लिए उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ गई है। सुबह से लेकर देर शाम तक बैंकों में ग्राहकों की लाइन लगी रही। भीड़ के चलते कई लोग तो बिना लेनदेन किए ही लौट गए। रविवार, नवदुर्गा, दशहरा की छुट्टी केे बाद गुरुवार को शहर में खुले बैंकों में ग्राहकों की भीड़ जुटी। इससे ग्राहकों को काफी समय बर्बाद करने केे बाद अपने काम में सफलता मिली। सुबह 10 बजे के बाद जैसे ही बैंक खुले तो पैसा निकालने व जमा करने के लिए इंतजार कर रहे लोगों का अपने अपने बैंकों में पहुंचना शुरू हो गया। इससे बैंकों में भीड़ हो गई। ग्राहकों की जमा व निकासी के काउंटरों पर लंबी लाइनें लग गई। इससे सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्ग व महिला ग्राहकों को हुई। मोहल्ला सूर्य नगर निवासी अब्दुल गफूर ने बताया कि स्टेट बैंक मुख्य शाखा में पैसा निकालने आए हैं।
दो घंटे से लंबी लाइन में लगे हैं। अभी तक नंबर नहीं आया है। वहीं, बुजुर्ग चतुर्भुज, केेके मिश्रा, जयदेव रावत ने बताया कि इतनी भीड़ मेें सुबह से आने के बाद भी अभी तक लाइन में खडे़ रहना पड़ रहा है। वहीं, उपभोक्ता दिनेश गर्ग ने कहा कि बैंक अधिकारियों द्वारा बैंक में सीनियर सिटीजन व महिलाओं को कोई अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था नहीं की जा रही है। भीड़ बढ़ने पर बुजुर्गों व महिलाओं को हमेशा घंटों लाइन में लगकर परेशान होना पड़ता है। वहीं, जमा काउंटर पर सुशील कुमार, अखिलेश कुमार, सुधीर आदि ने कहा कि काफी देर से लाइन में खडे़ हैं। इतनी ज्यादा भीड़ हो गई है। इसमें तो हमारे पास दो विकल्प हैं या तो हम घंटें समय बर्बाद करें या फिर अगले दिन बैंक का काम निपटाने के लिए फिर से बैंक आए। इसी तरह इलाहाबाद बैंक व अन्य बैंकोें में भी भीड़ रही।