फोटो-11-कार्यक्रम को संबोधित करते डॉ. राजेश पालीवाल। संवाद
- फोटो : kishatwar news
उरई। राजकीय जिला पुस्तकालय में मासिक कॅरिअर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दयानंद वैदिक कॉलेज के शिक्षक शिक्षा विभाग के विभाग प्रभारी एसोसिएट प्रोफेसर)डॉ. राजेश पालीवाल रहे। उन्होंने कहा कि किसी की बात सुनकर, किसी को देखकर, या दूसरों से तुलना करके लक्ष्य निर्धारित नहीं करना चाहिए। सही लक्ष्य वही है जो आपकी क्षमता और रुचि के अनुरूप हो।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं पाठकों को दैनिक जीवन से जुड़े व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया। पुस्तकालय के महत्व पर कहा कि पुस्तक पढ़ना जीवन में सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है। उन्होंने बताया कि यदि किसी धावक की क्षमता 100 मीटर दौड़ने की है और उसे 5000 मीटर दौड़ने को कहा जाए तो यह उसकी शक्ति और क्षमता से अधिक होगा। विद्यार्थियों को अपनी योग्यता, क्षमता और रुचि के अनुसार ही कॅरिअर का चयन करना चाहिए।
पुस्तकालय प्रभारी एवं राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र राजपूत ने उन्होंने उदाहरण देते हुए समझाया कि यदि किसी छात्र को पढ़ाई के दौरान नौकरी का अवसर मिलता है, तो उसे उस अवसर का सदुपयोग करना चाहिए। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत पुस्तकालय की कंप्यूटर ऑपरेटर अंकिता चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ देकर की। इस दौरान पुस्तकालय कोआर्डिनेटर रामजी दुबे, रामकेश पाल आदि रहे।