सिरसा कलार। कस्बा क्षेत्र में शनिवार शाम करीब साढ़े तीन बजे बिजली की लाइन में फाल्ट होने से खेतों में आग लग गई। आग की चपेट में आकर एक बीघा गेहूं की खड़ी फसल और करीब 15 बीघा गेहूं के अवशेष जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी श्याम बाबू यादव के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक फाल्ट हो गया, जिससे चिंगारी गिरने पर खेत में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास के खेतों तक फैल गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक श्याम बाबू यादव की एक बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जल चुकी थी, साथ ही आसपास के खेतों में रखा करीब 15 बीघा का भूसा भी आग की चपेट में आ गया।
पीड़ित किसान ने बताया कि उनके पास कुल एक बीघा खुद की जमीन है जो इस आग में जल गई। इसके अलावा उन्होंने दो बीघा जमीन नकद जोत पर ली थी जिसकी फसल भी 11 अप्रैल को इसी तरह लाइन फाल्ट से जल चुकी है। बार-बार हो रही घटनाओं से वह बर्बाद हो गए हैं।