उरई। नया पाठकपुरा में करीब 20 दिन बाद टोंटी से साफ पानी आने लगा है। अमर उजाला ने गंदा पानी आने से बीमार हो रहे लोगों की समस्याओं को प्रकाशित किया था, जिसके बाद जल संस्थान ने करीब पांच दिन काम करवाकर इस मोहल्ले के कई जगह लीक ठीक करवाए। इसके बाद घरों में शुद्ध पानी पहुंचा।
शहर के एसआर स्कूल के पास नया पाठकपुरा में करीब 15 दिनों से घरों में नलों से गंदा पानी आ रहा था। इसे पीने से कई लोग बीमार हो गए थे। स्थानीय लोगों ने कई जगह पर शिकायत की, लेकिन समाधान नहीं हुआ। इसके बाद अमर उजाला ने 13 मार्च के अंक में नल में आ रहा गंदा पानी, आधा दर्जन बीमार शीर्षक से खबर को प्रकाशित की थी।
खबर प्रकाशित होने के बाद जल संस्थान के अधिकारियों की नींद खुली। पांच दिन तक मोहल्ला में जगह-जगह हुई लीकेज को लेकर काम हुआ, जिसके बाद घरों में गंदा पानी आना बंद हुआ। जेई श्याम बहादुर ने बताया कि गली में जमीन के अंदर कहीं लीक था, जिसका पानी ऊपर भी नहीं आ रहा था। इस लिए लीकेज ढूंढने में परेशानी हुई। लीक को ठीक करवा दिया गया है। लोगों को शुद्ध पानी भी मिलने लगा है।