उरई। कोरोना काल में जांच सैंपल के लिए खाली कराए गए हेल्प डेस्क कार्यालय में तालाबंदी को लेकर हेल्प डेस्क मैनेजर और बाबू में ठन गई। मामला तूल पकड़ते देखकर सीएमएस डॉ. एके सक्सेना ने ताला खुलवाने के आदेश दिए। हालांकि चाबी न मिलने के कारण अब ताला मंगलवार को खोला जाएगा।
बतादें कि सीएमएस के निर्देश पर हेल्प डेस्क कार्यालय में कोरोना का जांच कलेक्शन सेंटर बनाया गया था। धीरे धीरे स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर लौटने लगी और जांच केंद्र भी दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया। इसी बीच हेल्प डेस्क मैनेजर ब्रजकिशोर ने हेल्प डेस्क कार्यालय में अपना ताला डाल दिया। उस ताले पर किसी ने दूसरा ताला लगा दिया। इस पर हेल्प डेस्क मैनेजर ने आपत्ति जताते हुए लिपिक धीरेंद्र से ताला खुलवाने को कहा। इसे लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई। मामला सीएमएस के संज्ञान में पहुंचा तो उन्होंने दोनों पक्षों को तलब किया। इसके बाद सीएमएस ने लिपिक से नाराजगी जताते हुए ताला खोलने के आदेश दिए। लेकिन चाबी न मिलने के कारण मामला कल तक के लिए टाल दिया गया। अब मंगलवार को ताला खोला जाएगा। सीएमएस ने बताया कि हेल्प डेस्क के लिए कमरा आवंटित किया गया है। उसका ताला खुलवाकर काम सुचारु कराया जाएगा।