रामपुरा विद्युत उपकेंद्र की फुंकी ओसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
विद्युत उपकेंद्र की ओसीबी फुंकने से बीहड़ में बसे रामपुरा क्षेत्र के 48 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है। 12 घंटे बाद भी ओसीबी न बदले जाने से ग्रामों में पीने के पानी की किल्लत बढ़ गई है। वहीं, भीषण गर्मी में बत्ती न आने की वजह से कूलर, पंखे शोपीस बने रहे। बिजली की कमी के चलते सबसे ज्यादा बच्चों का गर्मी से बुरा हाल रहा। ग्रामीणों का कहना है कि जानकारी के बाद भी विभागीय अधिकारी लापरवाही बरत रहे हैं।
रविवार रात 9.30 बजे कस्बा रामपुरा स्थित 133केवीए विद्युत उपकेेंद्र में लगी ओसीबी तेज धमाके के साथ फुंक गई थी। गनीमत यह रही कि उस वक्त वहां पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था। ओसीबी फुंकने से कस्बा व रामपुरा क्षेत्र के ऊमरी व जगम्मनपुर फीडर से जुडे़ गांव टीहर, जगम्मनपुर, ऊमरी, खैरई, जाजेपुरा, हिम्मतपुरा, गुपलापुर, चंदावली, मजीठ समेत 48 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
अचानक बत्ती जाने की वजह से भीषण गर्मी में लोगोें का हाल बेहाल रहा। ग्रामीण रामभरोसे, गुलाब सिंह, पन्नालाल, मटोले आदि का कहना है कि एक बार पहले भी ओसीबी फुंक गई है। आरोप है कि फुंकी ओसीबी की रिपयेरिंग कराकर उन्हें लगा दिया जाता है, इस वजह से आए दिन यह समस्या आती है। एसडीओ सत्येंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि कर्मचारियों की तीन सदस्यीय टीम को लगाया गया है। ओसीबी बदले जाने का काम जारी है। सोमवार देर रात तक बिजली व्यवस्था सामान्य हो जाएगी।