कदौरा (जालौन)। जहां एक ओर जिले के सभी नगर व कस्बे पॉलिथीन के कचरे से जूझ रहे है और चारों और इस कचरे को लेकर हायतौबा मची है। ऐसे में कदौरा नगर पंचायत ने एक अनोखी पहल शुरू की है। जिससे न सिर्फ पंचायत के बाशिंदों को इस कचरे से निजात मिलेगी बल्कि इससे पालिका अपनी आए भी बढ़ाएगी। पालिका ने कस्बे में पॉलिथीन के कचरे को अलग करने के लिए 13 कर्मचारियों की टीम लगाई है, जो चिह्नित जगहों से पॉलिथीन को कचरे से अलग करेगी। इसके बाद पालिका इस कचरे को सीमेंट फैक्टरी में मुख्यालय स्तर पर बेचेगा, जिससे पालिका की आय भी बढ़ेगी।
बता दें कि कभी नष्ट न होने वाली पॉलिथीन के कचरे के बोझ तले शहर व कस्बे दबते जा रहे है। स्थिति यह है कि लगातार बढ़ते पॉलिथीन के कचरे को लेकर प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक को पूर्णता बंद कर दिया गया है। पॉलिथीन बंदी को लेकर सख्त अभियान के साथ-साथ प्रशासन स्तर पर जागरुकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं, लेकिन फिर भी शहर के खाली पड़े प्लाटों व कूड़े के ढेर में पॉलिथीन के कचरे का अंबार लगा है, जिससे पालिका की सफाई व्यवस्था पूर्णता चौपट नजर आती है।
पॉलिथीन के कचरे से निजात दिलाने के लिए प्रशासन स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन सबके बीच कदौरा पंचायत ने इस अभियान में एक कदम आगे बढ़ाते हुए 13 सफाई कर्मचारियों की टीम को कचरे में से पॉलिथीन अलग करने के लिए लगाया है। जिससे जहां इस कचरे से लोगों को मुक्ति मिल सके वहीं दूसरी और शहर को साफ व स्वच्छ बनाया जा सके। पालिका ईओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान शुरू किया है।
अभियान के अंतर्गत नगर के सभी वार्डों में विशेष अभियान चलाकर पॉलिथीन को कचरे से अगर करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सफाई कर्मी नगर के वार्डों में घूम कर सड़क व गलियों में फैली पॉलिथीन एकत्र कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एकत्रित पॉलिथीन के कचरे को जिला मुख्यालय भेजा जाएगा वहां से यह पॉलिथीन लखनऊ स्थित सीमेंट फैक्ट्री को भेजी जाएगी।
ईओ सुनील कुमार ने बताया कि फिलहाल उन्होंने एक सप्ताह चले अभियान के तहत नगर से दो क्विंटल पॉलिथीन को एकत्रित किया है। जो नगर पंचायत की नोडल नगर पालिका उरई भेजा जा रहा है। वहां से पॉलिथीन को लखनऊ भेजा जाएगा। बताया कि नगर पंचायत में जिन 13 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। उन कर्मचारियों जागरूकता संबंधी विशेष ट्रेनिंग दी गई है। जो वार्डों में पॉलिथीन बीनने के साथ साथ उस मोहल्ले में जागरुकता अभियान भी चलाते हैं, जिससे लोगों में पॉलिथीन को लेकर जागरुकता आए।
कदौरा नगर में पॉलीथिन बीनते सफाई कर्मी- फोटो : ORAI