उरई। जिला पोषण समिति/कन्वर्जेन्स विभाग की समीक्षा बैठक बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम राजेशकुमार पांडेय ने पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों के फेस कैप्चरिंग एवं ई-केवाईसी में खराब प्रगति पाए जाने पर सीडीपीओ माधौगढ़ एवं कुठौंद को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, फेस कैप्चरिंग के माध्यम से पोषाहार वितरण में लापरवाही पर सीडीपीओ कुठौंद व कदौरा को चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ व सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि समस्त पात्र लाभार्थियों को बिना किसी अनियमितता के पोषाहार प्राप्त हो। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति कम पाए जाने पर प्रत्येक सप्ताह मॉनिटरिंग करने तथा 31 मार्च 2026 तक शत-प्रतिशत आवेदन कराने के निर्देश दिए गए। एनआरसी में दिसंबर 2025 में मात्र नौ बच्चों के भर्ती होने पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक परियोजना से कम से कम दो-दो बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिला व ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों को 26 जनवरी को प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीएमओ डॉ. डीके भिटौरिया, डीडीओ निशांत पांडेय, डीपीआरओ राम अयोध्या प्रसाद, बीएसए चंद्रप्रकाश, जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद अवस्थी आदि रहे।