उरई। जिले की 25 जिला पंचायत सीटों के लिए जिला मुख्यालय पर नामांकन प्रक्रिया कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू की गई। पहले दिन नौ ब्लाकों के 220 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए।
कलक्ट्रेट परिसर के एडीएम प्रशासन कोर्ट में एआरओ अभय कुमार श्रीवास्तव की देखरेख में जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन हुए। नामांकन के लिए पहुंचने वाले जुलूस को200 मीटर की दूरी पर रोक दिया गया। नामांकन के लिए सभी ब्लाकों के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मुख्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से हुई। सीडीओ ने बताया कि पहले दिन कुल 220 प्रत्याशियों ने अपने पर्चे जमा किए। नामांकन के दौरान कोविड नियमों का पूर्णता पालन कराया गया। थर्मल स्क्रीनिंग भी कराई गई।
कदौरा संवाद के अनुसार, जिले में तीसरे चरण 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय परिसर में बनाए गए 16 काउंटरों में प्रधान बीडीसी व ग्राम सदस्य के प्रत्याशियों ने अपने अपने नामांकन जमा किए। इस दौरान सख्ती नजर आई। ब्लॉक क्षेत्र की 71 ग्राम पंचायतों के प्रधान, 91 बीडीसी सदस्य व जिला पंचायत के लिए 13 से 15 तारीख नामांकन की तिथि घोषित है।
मंगलवार को नामांकन का पहला दिन होने की वजह से उम्मीदवारों व उनके समर्थकों की खासी भीड़ देखने को मिली। कोरोना का खौफ नजर नही आया। सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क का प्रयोग भी नहीं दिखा। भीड़ की वजह से एक प्रधान पद के प्रत्याशी का फोन भी गुम हो गया। बीडीओ अतिरंजन सिंह ने बताया कि प्रधान पद के 590, बीडीसी पद के लिए, 253 नामांकन पत्र दाखिल हुए है, बगैर मास्क लगाए लोगों का चालान भी काट कर जुर्माना लगाया जा रहा है।
जालौन संवाद के अनुसार, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नामांकन पत्रों को जमा करने के लिए मंगलवार को नामांकन पत्र जमा करने वालों की भीड़ उमड़ी रही। क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के लिए अलग अलग काउंटर बनाकर नामांकन पत्र जमा किए गए। जिनमें पहले दिन क्षेत्र पंचायत सदस्य के 62 पदों के लिए 232 दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए।
प्रधान पद के लिए कुल 413 दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मात्र 22 दावेदारों ने ही नामांकन पत्र जमा किए हैं। मंगलवार को भी पर्चों की बिक्री जारी रही। तीन काउंटरों से 66 पर्चों की बिक्री हुई। प्रधान पद के लिए 15, क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 9 एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 42 पर्चों की बिक्री हुई। ब्लॉक क्षेत्र की 62 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पद के लिए अभी तक 717 संभावित दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए 369 संभावित दावेदार सामने आए हैं।