फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalaun News: समिति में डीएपी नहीं, बाजार में 1500 तक वसूली

विज्ञापन
फोटो - 01सहकारी समिति में खाद नहीं होने से पसरा सन्नाटा। संवाद - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
सिरसा कलार। बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति दमरास में कई दिनों से डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। इससे तिलहन की बुआई के लिए किसानों को निजी दुकानों का रुख करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि समिति में डीएपी की कीमत 1350 रुपये प्रति बोरी है, जबकि निजी दुकानों पर 1400 से 1500 रुपये तक वसूली जा रही है।
विज्ञापन

जिले में हुई लगातार बारिश के बाद मौसम का मिजाज अब खुशनुमा हुआ है। इसलिए क्षेत्रीय किसान अब रबी की बोआई की तैयारी में हैं, लेकिन केंद्रों पर डीएपी खाद की किल्लत बनी हुई है। क्षेत्र के किसान अनिल सिंह, राजेंद्र, विजय और करन सिंह ने बताया कि बीहड़ पट्टी के खेतों में जलभराव की स्थिति के कारण सरसों की बोआई प्रभावित हुई है। अब पानी निकलने के बाद बोआई शुरू हुई है, लेकिन समिति में डीएपी नहीं मिलने से महंगे दाम पर खाद खरीदनी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि यदि समिति में पर्याप्त खाद उपलब्ध होती तो उन्हें प्रति बोरी 100 से 150 रुपये अतिरिक्त नहीं देने पड़ते।

किसानों ने निजी दुकानों पर डीएपी के साथ नैनो की बोतल जबरन देने की भी शिकायत की है। उनका कहना है कि तीन बोरी डीएपी के साथ करीब 600 रुपये की नैनो की बोतल लेने के लिए कहा जाता है। किसानों के मुताबिक इससे खाद की वास्तविक कीमत और बढ़ जाती है। किसानों का यह भी कहना है कि समिति में खाद उपलब्ध रहने के दौरान भी चार बोरी डीएपी के साथ नैनो लेने का दबाव बनाया जाता था।
विज्ञापन


किसानों का कहना है कि महंगे दाम पर खाद बिक्री की शिकायतें कई बार की गईं और मामला प्रकाशित भी हुआ, लेकिन कृषि विभाग के अधिकारी बाजार में जांच करने नहीं पहुंचे। किसानों के मुताबिक दो सप्ताह पहले धान की फसल में डालने के लिए सिरसा कलार में डीएपी 1600 रुपये तक प्रति बोरी बेची गई थी। सिरसा कलार, दमरास और नियामतपुर क्षेत्र में खाद की कमी के दौरान निजी दुकानदारों पर 1400 से 1700 रुपये तक डीएपी बेचने के आरोप किसानों ने लगाए हैं।

चार-पांच दिन में आएगी डीएपी

बहुउद्देशीय ग्रामीण सहकारी समिति दमरास के सचिव सुभाष कुमार ने बताया कि फिलहाल समिति में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। यूरिया पर्याप्त मात्रा में है। डीएपी की खेप आने में अभी चार-पांच दिन का समय लग सकता है।

फोटो - 01सहकारी समिति में खाद नहीं होने से पसरा सन्नाटा। संवाद- फोटो : सांकेतिक

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें