उरई। माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का शनिवार को गांधी इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. मन्नान अख्तर ने मां सरस्वती का पूजन एवं दीप जलाकर किया। डीएम ने बच्चों के बनाए मॉडलों का अवलोकन कर उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को निरंतर सीखना चाहिए। सफल व्यक्ति वही है जो जीवन में विद्यार्थी जीवन जीता है। व्यक्ति की निष्क्रियता उसके जीवन को समाप्त कर देती है।
सीडीओ डॉ अभय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद की माध्यमिक शिक्षा में नवाचार प्रदर्शित हो रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे छात्र-छात्राओं को वैज्ञानिक उपकरणों का ज्ञान अवश्य कराएं। मुख्य कोषागार अधिकारी आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि जनपद में अनुकरणीय कार्य किए जा रहे हैं। इनमें कौन बनेगा नन्हां कलाम, किशोरी शिक्षा समाधान योजना व जालौन कॅरियर प्रोग्राम हैं। ये प्रदेश में लागू किए गए हैं।
डीआईओएस भगवत पटेल ने कहा कि इन नवाचारों के माध्यम से जनपद जालौन प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। अभी भी हमें और मेहनत करनी है ताकि जनपद के छात्र-छात्राएं वैज्ञानिक बनकर देश-विदेश में अपना व जनपद का नाम रोशन करें। डायट प्राचार्य रविंद्र सिंह व कालेज के प्रधानाचार्य डॉ रविशंकर अग्रवाल ने विज्ञान के प्रदर्शनी लगाए छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन कर सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। इस दौरान जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विनय गुप्ता, कौन बनेगा नन्हा कलाम टीम के अनिल गुप्ता, छत्रसाल इंटर कॉलेज जालौन के प्रधानाचार्य डॉ राकेश निरंजन आदि रहे।