उरई। जिले में मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर और प्रतिबंधित हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले नौ वाहनों का चालान किया गया, जबकि एक वाहन को सीज कर दिया गया। कई वाहनों से मौके पर ही अवैध साइलेंसर उतरवाकर जब्त किए गए।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन झांसी मंडल राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को शहर के प्रमुख चौराहों पर अभियान चलाया गया। अभियान में वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सुरेश कुमार, यात्रीकर अधिकारी विनय कुमार पांडेय और यातायात पुलिस की टीम शामिल रही। चेकिंग के दौरान विशेष रूप से बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों की जांच की गई। अधिकारियों को कई वाहनों में कंपनी मानकों के विपरीत आफ्टर-मार्केट साइलेंसर लगे मिले, जिनसे अत्यधिक शोर उत्पन्न हो रहा था। इस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। (संवाद)