रामपुरा(जालौन)। मायके से पति के साथ ससुराल आई नवविवाहिता फोन पर किसी से बात कर रही थी, इस पर पति ने टोका तो नाराज होकर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने बुधवार की सुबह महिला का शव फंदे पर लटकता देखा तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला का शव उतारकर पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस पर थाना प्रभारी आरके सिंह का कहना है कि मायके पक्ष के लोग आ गए। अभी उन्हेें कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
रामपुरा थाना क्षेत्र के कंजौसा निवासी भगवानदास पुत्र गुलाब सिंह निषाद की पत्नी ज्योति ने बुधवार की सुबह कमरा बंद कर छत में लगे हुक से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। जब परिजनों ने महिला को फांसी पर लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि ज्योति का विवाह बीती 17 मई को हुआ था।
ज्योति 19 नवंबर को अपने मायके नराई थाना सहायल जिला औरैया गई थी। ज्योति का पति भगवानदास बीती 3 दिसंबर को पत्नी ज्योति को लेकर मायके से ससुराल कंजौसा आया था। देर रात ज्योति किसी से फोन पर बात कर रही थी। इस पर ही पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। जिससे नाराज ज्योति ने फांसी लगा ली। सुबह परिजनों को शव फंदे से लटकता मिला। पुलिस का कहना है कि मायके वाले यदि कोई तहरीर देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।