मोहम्मदाबाद क्षेत्र में खेत में भरा पानी
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद(जालौन)। स्टेट हाईवे निर्माण के दौरान पुलिया निर्माण की अनदेखी के चलते नहर व रजबहे का पानी किसानों के खेतों में भर रहा है। जिससे उनकी फसलें जलमग्न हो रही है। किसानों का आरोप है कि हाईवे के अधिकारी कुछ स्थानों पर पुलिया नहीं बना रहे हैं। इस कारण ही नहरों का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में घुस रहा है। गुस्साए किसानों ने बुधवार को निर्माण कार्य में हो रही हीलाहवाली के खिलाफ नारेबाजी भी की। कहना है कि जल्द ही डीएम से मिलकर निर्माण कार्य में हो रही हीलाहवाली की भी शिकायत करेंगे।
बता दें कि डकोर ब्लॉक के अंतर्गत उरई से मुहाना तक स्टेट हाईवे प्रस्तावित है। काफी समय बाद अब हाईवे का काम शुरू हुआ है तो किसानों के सामने नई समस्या खड़ी हो गई है। किसानों का कहना है कि रोड पर पहले जहां पर पुलिया थी, वहां पुलिया बंद कर सीधे हाईवे निकाला जा रहा है। इससे नहरों का वह पानी जो पहले बहकर एक ओर से दूसरी ओर निकल जाता था, अब लौटकर खेतों की ओर आ रहा है। इस कारण फसलों को काफी नुकसान हो रहा है। घटना से गुस्साए किसान विपिन महाराज, मुखिया यादव, बंटी वर्मा, अशोक राजपूत, हरभान राजपूत, लला महाराज आदि किसानों ने प्रशासन के खिलाफ हाईवे पर खड़े होकर ही नारेबाजी की।
आरोप है कि नहरों का पानी लौटने से उनकी गेहूं, मटर आदि की फसलें जलमग्न हो गई है। जिसका उन्हें मुआवजा दिलाया जाए। किसानों के मुताबिक एक तो अन्ना मवेशी वैसे ही फसलों के लिए मुसीबत बने हुए हैं, उस पर रही सही कसर पानी पूरा कर रहा है। यदि जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो जल्द ही डीएम दफ्तर पर जाकर अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जाएगा। वहीं, इस संदर्भ में पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड एक के जेई भगवती प्रसाद का कहना है कि वे स्वयं मौके पर जाकर हाईवे निर्माण कार्य का निरीक्षण करेंगे। यदि वाकई किसानों की समस्या है तो पाइप डालकर पानी निकलवाने का इंतजाम किया जाएगा।