उरई। जिला अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड के शौचालय में रखे टब में नवजात भ्रूण मिला। भ्रूण मिलने की सूचना पर इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने सीएमएस और पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने नवजात को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
मामला 14 अगस्त की रात आठ बजे के बाद का है। रात आठ बजे स्टाफ की ड्यूटी बदली जाती है। ड्यूटी बदलने के बाद स्टाफ ने जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बने शौचालय में देखा तो वहां टब में नवजात का भ्रूण पड़ा था। साथ ही आसपास खून के छींटें भी पड़े थे। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. अंबरीश ने इसकी सूचना सीएमएस डॉ. आनंद उपाध्याय व पुलिस को दी। सीएमएस व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने नवजात के भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी देखे। जिस जगह भ्रूण मिला है, उसके बाहर लगा सीसीटीवी कैमरा खराब मिला है। साथ ही जिस इमरजेंसी के कक्ष में यह घटना हुई, उसकी सड़क के दूसरी ओर महिला अस्पताल भी है। फिर कैसे यहां भ्रूण मिला है।
जिला अस्पताल के चौकी इंचार्ज अभिषेक कुमार का कहना है कि सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। सीएमएस डॉ.आनंद उपाध्याय का कहना है कि दो दिन पहले तकनीकी खराबी के कारण सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए थे। अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ की जाएगी। जिस तरह की लापरवाही होगी, उस पर कार्रवाई होगी। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।