उरई। पनवेल से गोरखपुर जाने वाली पनवेल एक्सप्रेस में भुसावल के पास नेपाली नागरिक का बैग चोरी हो गया। कंट्रोल की सूचना पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बलों ने मामले की जानकारी ली। कम स्टापेज की वजह से यात्री ने गोरखपुर में तहरीर देने की बात कही।
पनवेल से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 15066 में नेपाल के शितान शितवनताड़ी निवासी दीपक (23) पुत्र वीर बहादुर नेपाली ने जीआरपी को बताया कि वह ट्रेन की एस 4 कोच में यात्रा कर रहा था। जब उसकी ट्रेन शनिवार रात लगभग साढ़े दस बजे भुसावल से गुजर रही थी। तभी उसे नींद आ गई। इसी बीच किसी ने उसका बैग चोरी कर लिया। जब उसकी आंख सुबह सात बजे नींद खुली तो ट्रेन झांसी पहुंचने वाली थी।
उसने रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। जैसे ही ट्रेन झांसी स्टेशन पहुंची सूचना पर पहुंची जीआरपी ने उससे ट्रेन से उतरकर रिपोर्ट लिखने की बात की। उसके मना करने पर जब ट्रेन रविवार की सुबह 10.51 बजे उरई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची। वहां पहले से मौजूद जीआरपी व आरपीएफ के जवानों ने लिखित तहरीर देने के लिए कहा। ट्रेन का कम ठहराव होने की वजह से वह यहां भी तहरीर नहीं दे पाया। तब सुरक्षा बलों ने गोरखपुर में तहरीर देने की बात कही।
जीआरपी थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना भुसावल की है। लेकिन कंट्रोल की सूचना पर ट्रेन में जाकर यात्री से पूछताछ की। उन्होंने बताया दीपक नेपाली के बैग से सात हजार रुपये, पासपोर्ट, नेपाल का आईडी कार्ड और कपड़े चोरी हुए। वह हाल ही में पनवेल के होटल में वेटर का काम करता था। लेकिन एक महीना पहले वह मलेशिया से भारत आया। उन्होंने बताया कि घटना रात भुसावल स्टेशन की पास की है। जिसका यहां से संबंध नहीं है।