उरई। हरदोई राजा व वीरापुरा में गुरुवार को निरीक्षण के दौरान डीएम राजेश कुमार पाण्डेय को कमियां मिलीं। उन्होंने डीपी मनरेगा रामेंद्र कुशवाह को प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक से रिकवरी करने के निर्देश दिए है।
बांधों की गुणवत्ता पर डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने कड़ा रुख अपनाया है। डीएम ने ग्राम हरदोई राजा व वीरपुरा में हो रही वर्षा के बीच स्थल पर पहुंचकर ग्राम पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत द्वारा निर्मित बांधों का निरीक्षण किया। इस दौरान बांध निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए रिकवरी की कार्रवाई के निर्देश दिए। स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार के जल प्रबंधन व आपदा सुरक्षा मिशन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने भविष्य में सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान सीडीओ केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, बीडीओ प्रशांत आदि अधिकारी मौजूद रहे। (संवाद)