कदौरा। थाना क्षेत्र के ग्राम जकसिया के मजरा शारदा नगर में शनिवार को धानुक समाज के छोटेलाल अपने प्लाट पर प्रधानमंत्री आवास का निर्माण कर रहा था। उसी समय गांव के दबंगों ने निर्माणाधीन दीवार गिरा दी और विरोध करने पर मारपीट भी की थी। इस पर सोमवार को धानुक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार ने गांव पहुंच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
छोटेलाल धानुक ने बताया कि ेउसको शासन की तरफ से प्रधानमंत्री आवास मिला है, जिसका वह निर्माण करा रहा है, लेकिन गांव के दबंगों ने जबरन उसकी दीवार गिराकर परिजनों के साथ मारपीट की। बताया कि छह माह पूर्व भी अमर सिंह, श्रीराम, पंकज व सुघर सिंह ने उसको और परिजनों को पीटा था, जिसका कदौरा थाने में एससीएक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी दर्ज है, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी।
इससे उन लोगों के हौसले बुलंद हैं। ये लोग आए दिन गांव से भगा देने की धमकी देते हैं, जिससे उनका परिवार और धानुक समाज के लोग भयभीत रहते हैं। धानुक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश कुमार ने कहा कि समाज के लोगों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही डीएम और एसपी से मुलाकात कर पीड़ितों को न्याय दिलाएंगे और दबंगों पर कार्रवाई करवाएंगे।