। फोटो 14 मौके पर मौजूद पुलिस व नगर के लोग। संवाद
जालौन। देवनगर चौराहे पर पिंक बूथ से चंद कदम की दूरी पर स्थित शिव मंदिर में स्थापित नंदी की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह जानकारी पर भीड़ जुट गई। एसडीएम, सीओ व कोतवाल ने लोगों को समझाकर शांत कराया। साथ ही शुक्रवार को नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया।
बताया गया कि मंगलवार की रात अराजकतत्व ने मंदिर के चबूतरे पर स्थापित नंदी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह जब लोग पूजा करने के लिए मंदिर पर पहुंचे तो उन्होंने नंदी की प्रतिमा को खंडित देखा। जानकारी पर हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष राजा सिंह सेंगर, बजरंग दल के नगर संयोजक मानवेंद्र परिहार भी वहां पहुंच गए और आक्रोश जताया। कुछ ही देर में एसडीएम विनय मौर्य, सीओ शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। एसडीएम व सीओ ने आश्वासन दिया कि अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनकी पहचान कराकर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने खंडित प्रतिमा को भी वहां से हटवा दिया और उसके स्थान पर नई प्रतिमा भी ले ली गई है। शुक्रवार को विधि विधान से नई प्रतिमा की स्थापना मंदिर में कराई जाएगी। सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों से अराजक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।