जिले में पानी की किल्लत का नजारा।
- फोटो : ORAI
जालौन(उरई)। ब्लाक क्षेत्र के गांवों के लिए अच्छी खबर है। यहां पेयजल संकट खत्म होने जा रहा है। नमामि गंगे योजना के तहत तहसील क्षेत्र के 71 गांवों में पानी की टंकी बनेंगी। अधिकारियों के मुताबिक टंकी निर्माण के लिए 56 गांवों में भूमि चिह्नित कर ली गई है। यहां जल्द निर्माण शुरू कराया जाएगा। बाकी गांवों में भूमि का चयन इस सप्ताह कर लिया जाएगा।
जिले के सैकड़ों गांवों में लोगों को पीने के पानी के लिए अभी भी भटकना पड़ रहा है। सरकार ने सभी गांवों में घर-घर पानी पहुंचाने के लिए नमामि गंगे योजना शुरू की है। योजना के तहत हर गांव में पानी की टंकी का निर्माण कराया जाएगा। अभी तहसील क्षेत्र के 71 गांवों का चयन किया गया है।
एसडीएम गुलाब सिंह ने बताया कि नमामि गंगे योजना के अंतर्गत तहसील क्षेत्र के 220 गांवों में से पहले चरण में 71 का चयन पानी की टंकी के लिए किया गया है। इनमें से 56 गांवों में टंकी निर्माण के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। भूमि को खाली कराकर रिपोर्ट विभाग को भेजी जा चुकी है। स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। बाकी गांवों में भूमि का चयन किया जा रहा है। इसके अलावा गांवों में सामुदायिक शौचालय भी बनवाए जा रहे हैं। जालौन ब्लॉक की 62 ग्राम पंचायतों में से 51 ग्राम पंचायतों में भूमि का चयन कर लिया गया है। इनमें से 33 ग्राम पंचायतों में काम शुरू करा दिया गया है। बाकी ग्राम पंचायतों में भूमि अधिग्रहण का काम चल रहा है।