जालौन(उरई)। हरियाणा में 15 लाख रुपये में बेचे गए धान के बकाया लगभग छह लाख रुपये व्यापारी ने लटका लिए हैं। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित व्यापारी ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुरानी नझाई निवासी संजय कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनकी नवीन गल्ला मंडी में सेंगर इंटरप्राइजेज के नाम से पक्की आढ़त है। वह अनाज की खरीद फरोख्त करते हैं। नवंबर 2019 में उन्होंने एलजीआर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड रसूलपुर मंडी ककराया रोड जिला कैथल हरियाणा के संचालक मुकेश कुमार को तीन ट्रक में 610 क्विंटल धान( कीमत 15 लाख 29 हजार 772 रुपये) मय बीमा भुगतान के भेजा था। 9 लाख 25 हजार 952 रुपये का भुगतान उन्होंने बैंक के माध्यम से कर दिया है। उनका 6 लाख 4 हजार 712 रुपया शेष है। कई माह से वह अपना बकाया रुपया मांग रहे हैं। पहले तो वह बहाने बनाते रहे। अब रुपये देने से साफ इनकार कर दिया है।
रुपयों के संबंध में फोन करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा के साथ ही बकाया रुपये दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।