उरई। कुठौंद थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या की धारा में 287 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। यह चार्जशीट शुक्रवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अभिषेक खरे की अदालत में प्रस्तुत की गई। अब मामले की अगली सुनवाई नाै मार्च को होगी।
कुठौंद थाने में तैनात इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की पांच दिसंबर को पिस्टल की गोली लगने से मौत हो गई थी। उनका शव सरकारी आवास पर रक्त रंजित हालत में पड़ा मिला था। घटना के समय सिपाही मीनाक्षी शर्मा को उनके सरकारी आवास से बाहर निकलते हुए देखा गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि छह दिसंबर को इंस्पेक्टर अरुण कुमार राय की पत्नी ने सिपाही मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और सभी तथ्यों को एकत्रित किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मीनाक्षी शर्मा के खिलाफ हत्या की धारा में चार्जशीट दाखिल की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी की निगरानी में पूरे मामले की गहन जांच की गई। विवेचक इंस्पेक्टर अजय पाठक ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच पूरी कर रिपोर्ट अदालत में दाखिल की।