उरई। नगर पालिका ने प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। जिसमें कई जगह पर पालिका टीम के साथ लोगो की नोकझोंक भी हो गई। उसके बाद भी पालिका ने अभियान जारी रखा। कई दुकानदारों पर कार्रवाई की। कोंच बस स्टैंड से झांसी चुंगी तक पालिका की टीम ने पॉलीथिन पकड़ने के लिए छोटी बड़ी करीब 80 दुकानों पर छापेमारी की। 400 ग्राम पॉलीथिन पकड़ी गई। करीब आठ हजार का जुर्माना वसूला गया।
पालिका की टीम की कोंच बस स्टैंड पर दुकानदार से बहस हो गई। दुकानदारों ने पॉलीथिन पकड़ने के नाम पर परेशान करने की बात कही। एक दुकानदार ने दुकान के अंदर ही नहीं जाने दिया। पालिका की टीम ने दुकानदारों पर जुर्माने की कार्रवाई की। कर अधीक्षक गणेश प्रसाद ने कहा कि कुछ जगह पर दुकानदार सहयोग नहीं करते हैं। पॉलीथिन का प्रयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। टीम में कर निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, कामता, वीरेंद्र, राहुल, मनोज, जितेंद्र, विजय आदि मौजूद रहे।