हजरत मुहम्मद सल्लाहो अलैह वसल्लम का जन्मदिवस जनपद में पूरे हर्षोल्लास से मनाया गया। मुहम्मद साहब के जन्मोत्सव के एक दिन पूर्व से ही मुस्लिम भाइयों के घर रंग बिरंगी रोशनी से जगमगाते नजर आए। बारहवीं रवीउल अव्वल के मौके पर जिला मुख्यालय उरई में मुहम्मद साहब का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया गया। नए-नए परिधानों में सजे मुस्लिम
धर्म के क्या बड़े और क्या छोटे, सभी खुशी से झूमते नजर आये। नौनिहालों की खुशी अलग ही दिखी। इस मौके पर मुस्लिम धर्म के अलावा अन्य हिंदू, सिख, ईसाई धर्म के लोगों ने अपने
मुस्लिम मित्रों को त्योहार की बधाई दी। छोटे-बच्चों ने भी पैगंबरे इस्लाम की याद को ताजा करते हुए बढ़-चढ़कर जुलूसे मुहम्मदी में भाग लिया। जुलूस शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए शहर की बड़ी मस्जिद पर जाकर देर शाम तक संपन्न हुआ।
कादरी चौराहे से निकला जुलूस
शहर में जुलूस-ए-मुहम्मदी कादरी चौराहा गणेशगंज बजरिया से प्रारंभ होकर शहीद भगत सिंह चौराहे पर पहुंचा जहां तकरीरी प्रोग्राम में मौलाना शमशुल कमर, हाफिज फीरोज अली रहमानी, जमील अहमद कादरी, शहर इमाम हाफिज मंजूर अहमद बरकाती, शहर काजी शकील बेग रहमानी ने मौजूद लोगों से इस्लाम द्वारा बताए नेक रास्ते पर चलने की अपील की।
इसके बाद जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होता हुआ अपने प्रारंभिक स्थान पर आकर समाप्त हुआ। जुलूस में बैंडबाजों के साथ नातिया कलाम पढ़ते हुए शहर के शिया एवं सुन्नी समुदाय के लोगों ने हाथों में जुलूसी झंडे एवं बैनर लेकर सबसे प्यारा नबी हमारा के गगनभेदी नारे लगाए। इस अवसर पर विभिन्न राजनैतिक दलों के लोगों ने भी जुलूस-ए-मुहम्मदी में शिरकत की
और लोगों को बधाइयां दीं। जुलूस का संचालन रजीउर्रहमान उर्फ कूकू, इसरार नेता, रेहान सिद्दीकी, सफीक अहमद, शफीकुर्रहमान कश्पी, रज्जाक कामरेड, शम्मी शेरा, नबीउद्दीन, मीर मुहम्मद टेलर हरी झंडी दिखाते हुए जुलूस को बढ़ाया और विराम दिया। इस मौके पर इंद्रजीत सिंह यादव, सपा जिलाध्यक्ष बीरपाल सिंह दादी, कारी जमील, हाफिज शहादत, मौलाना
सलमान, अधिवक्ता यूसुफ इश्तियाक, यूसुफ अंसारी, मजहरुलहसन खां, अदनान, औसाफ अहमद, मैराज सिद्दीकी, मु. वासिल बेग, मुख्तार बेग, परवेज अहमद सहित हजारों लोग मौजूद थे। धर्मगुरु हाफिज जब्बार साहब, शहर काजी शकील रहमानी, शमशुल कमर हाफिज मंजूर ने सभी को पैगंबर के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। वहीं, जुलूस में शामिल लोगों
का जगह-जगह लगाए गए स्टालों पर स्वागत किया गया। इस मौके पर अजीज रजा, हाफिज अनवार, कारी रियाज, नूर मोहम्मद, अहमद मास्टर, साजिद, शमशुल, सानू, शहादत आदि मौजूद रहे।