जालौन। उरई की ओर जा रही एक वैन में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने दोनों बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा बच गया। आग लगने के कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शाहगंज निवासी असलम (35) अपने बेटों राशिद (7) और असद (5) के साथ वैन से उरई जा रहे थे। शाम करीब चार बजे जैसे ही कार अकोढ़ी दुबे मोड़ के पास पहुंची, पीछे के हिस्से से धुआं उठने लगा। असलम ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बच्चों को बाहर निकाल लिया। इसी बीच कार में अचानक आग भड़क उठी। पास से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए और दमकल को सूचना दी। लेकिन जब तक दमकल मौके पर पहुंचती, कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने के चलते कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सीओ शैलेंद्र बाजपेयी ने बताया कि जांच की जा रही है।