फोटो - 07 घटनास्थल पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक। संवाद
आटा। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संकटमोचन मंदिर के पास विपरीत दिशा में जा रहे बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम अभैदेपुर निवासी राजेंद्र सिंह उर्फ लल्ला (55) कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह झांसी से दवा लेकर बाइक से अकेले गांव लौट रहे थे। नवीन गल्ला मंडी के पास उन्होंने संकटमोचन मंदिर की ओर जाने के लिए बाइक विपरीत दिशा में मोड़ी। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में राजेंद्र के सिर में गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र अपने पीछे पत्नी भगवती और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बड़ी बेटी दीपाली की शादी हो चुकी है, जबकि रोशनी और रोहिणी अभी अविवाहित हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पत्नी भगवती का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसा करने वाले वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
चौकी इंचार्ज रामसजीवन वर्मा ने बताया कि बाइक विपरीत दिशा में जा रही थी। अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे अधेड़ की मौत हो गई। जांच की जा रही है।