कालपी। दीपावली के दिन घर की साफ सफाई करते समय मां-बेटे की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। त्योहार के दिन हुई इस हृदयविदारक घटना ने परिजनों को झकझोर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के तरीबुल्दा मोहल्ला निवासी बलवान की पत्नी शिवानी (26) सोमवार की सुबह घर की साफ-सफाई कर रही थी। उनका तीन वर्षीय बेटा प्रिंस भी उनके साथ मौजूद था। शिवानी का ध्यान बंटने पर प्रिंस टेबल पर रखे पंखे में उतरे करंट की चपेट में आ गया। बच्चे के चीखते ही शिवानी उसे बचाने के लिए दौड़ी। वह भी करंट की चपेट में आ गई।
शोर शराबा सुनकर पहुंचे परिजनों ने भागकर बिजली की सप्लाई बंद की। तब तक दोनों गंभीर रूप से झुलस चुके थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर आटा के तागारेपुर गांव निवासी मायके वाले भी पहुंचे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवानी का पति बलवान गुजरात में प्राइवेट नौकरी करता है। मौत से सास सुमित्रा, बेटी शिवानी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।