सरावन। सरावन-आमखेड़ा रोड गांव में गुरुवार को सड़क पर बने बेतरतीब स्पीड ब्रेकर से मोपेड उछलकर गिर गई। हेलमेट न लगाए होने से सब्जी विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। उसे मृत घोषित कर दिया। वह मोपेड से सब्जी लेने जालौन आ रहा था।
गोहन थाना क्षेत्र के सरावन गांव निवासी गोविंद दोहरे (57) गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे मोपेड से सब्जी लेने जालौन आ रहे थे। वह सरावन-आमखेड़ा रोड पर इकहरा श्रमदान के पास पहुंचे कि कुछ लोगों द्वारा बनाए गए स्पीड ब्रेकर से मोपेड उछलकर नीचे गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि वह गांव में ही सब्जी बेचने का काम करते थे। किसी व्यक्ति द्वारा सड़क पर ब्रेकर बना देने से उसी में टकरा गए और उनकी मौत हो गई। बताया कि उनके तीन पुत्र व दो पुत्रियां हैं। विक्रेता की मौत से पत्नी शकुंतला सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि उन्हें अभी इस मामले में जानकारी नहीं है। जांच की जाएगी।