उरई। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर सात मई को देश भर में सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन होगा। इसे लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय व एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें जिला स्तरीय अधिकारियों को मॉकड्रिल के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुबह 11 बजे मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले के चेतावनी सायरन बजाए जाएंगे। ब्लैकआउट की व्यवस्था की जाएगी व महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को छिपाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा निकासी योजना का अभ्यास भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉकड्रिल में होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, नेहरु युवा संगठन, स्कूल एवं कॉलेजों के छात्र-छात्राएं भी भाग लेंगे।
इस दौरान आम नागरिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा कि संकट की स्थिति में स्वयं को किस प्रकार सुरक्षित रखें। ब्लैकआउट के तहत जरूरत पड़ने पर बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी, ताकि संभावित दुश्मन को कोई लक्ष्य दिखाई न दे। वहीं, प्रमुख कारखानों एवं ठिकानों को सुरक्षित और छिपाने की त्वरित व्यवस्था की जाएगी। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे मॉकड्रिल को गंभीरता से लें और समुचित तैयारी सुनिश्चित करें ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके। इस दौरान सीडीओ राजेंद्र कुमार श्रीवास, एडीएम न्यायिक योगेंद्र सिंह, एएसपी प्रदीप कुमार वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे।