जिले के विधायकों से बात करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : ORAI
कालपी। हाईवे निर्माण के दौरान दुर्गा मंदिर चौराहे पर अंडरपास की मांग को लेकर जिले के तीनों विधायकों ने गुरुवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। सीएम ने विधायकों को भरोसा दिलाया कि हाईवे अथारिटी के उच्चाधिकारियों को मौके पर भेजकर समस्या का निस्तारण कराएंगे।
बता दें कि हाईवे अथारिटी द्वारा नगर में निर्माणाधीन हाईवे में नगर के मुख्य दुर्गा मंदिर चौराहे पर अंडरपास नहीं बनाया जा रहा है, जिससे कस्बे का दो हिस्सों में बंटना तय है। यह मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ता जा रहा है और जनांदोलन की तरफ बढ़ रहा है। भाजपा के जिम्मेदार कार्यकर्ताओं ने भी डीएम, सांसद व विधायकों को ज्ञापन देकर हाईवे अथारिटी पर पुरानी डिजाइन को बदलने के आरोप लगाकर दुर्गा मंदिर चौराहे पर अंडरपास बनवाने की मांग की है। इसी मामले को लेकर गुरुवार को कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन, उरई विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ से मिले व उन्हें यहां की इस बड़ी समस्या से अवगत कराकर हाईवे अथारिटी पर मनमानी कार्यप्रणाली से कार्य करने का आरोप लगाया। कालपी विधायक नरेंद्र सिंह जादौन ने बताया कि सीएम ने उन्हें भरोसा दिया है कि वह मौके पर हाईवे के उच्चाधिकारियों को भेजकर समस्या का निदान कराएंगे।