माधौगढ़। क्षेत्रीय विधायक मूलचंद निरंजन ने मंगलवार दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बिजली कटौती के साथ कुछ सुविधाएं ठप होने की जानकारी पर विधायक ने नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लेबर रूम, इमरजेंसी, एनसीसीयू कक्ष और वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। एक्सरे विभाग में मरीजों की भीड़ देखकर विधायक ने कारण पूछा तो मरीजों ने बताया कि बिजली कटौती के कारण एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। उनका कहना था कि प्रतिदिन सुबह करीब 10 बजे बिजली चली जाती है और दोपहर एक बजे के आसपास आती है, जिससे जांच कार्य प्रभावित होता है।
इस पर विधायक ने दूरभाष पर एसडीओ बिजली उमाशंकर सक्सेना से बात कर रोस्टिंग के अतिरिक्त बिजली न काटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का समय चल रहा है, ऐसे में अनावश्यक कटौती नहीं होनी चाहिए। विधायक को यह भी जानकारी मिली कि लाइनमैन शटडाउन लेकर बिजली जोड़ते हैं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई।
एसडीओ ने बताया कि लाइनमैनों को दिन में शटडाउन न लेने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जेई को लो वोल्टेज की समस्या की जांच करने के लिए कहा गया है। निरीक्षण के दौरान डॉ. मनीष राजपूत, बीसीएम अनीता, विनय कुमार, सुनील पांडेय आदि मौजूद रहे।
सिटी मजिस्ट्रेट ने किया नेत्र अस्पताल का निरीक्षण
उरई। नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने जिला नेत्र अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंंने उपस्थिति रजिस्टर, ओपीडी, ऑपरेशन कक्ष आदि को देखा। मंगलवार की दोपहर नगर मजिस्ट्रेट ने नेत्र अस्पताल के डॉक्टर जे जे राम के साथ जिला नेत्र अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से परिचय लिया और आज होे वाले ऑपरेशनों के बारे में पूछा। डॉक्टर ने बताया कि आज 35 ऑपरेशन लगे हैं। इसके बाद साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मरीज के साथ सामान्य व्यवहार बनाए रखें, आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। (संवाद)