कदौरा में निरीक्षण के दौरान इंद्रधनुष कार्यक्रम की जानकारी लेते चिकित्सा अधिकारी अशोक कुमार
- फोटो : ORAI
कदौरा। मिशन इंद्र धनुष को लेकर चिकित्साधिकारी ने शुक्रवार को क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई। चिकित्साधिकारी ने लापरवाही पर दो सुपरवाइजरों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक एएनएम का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
हाल ही में जिलाधिकारी ने शत प्रतिशत टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद विभाग के अधिकारियों ने टीमें गठित कर डोर टू डोर टीकाकरण करने का अभियान शुरू किया था। शुक्रवार को सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने क्षेत्र के आधा दर्जन गांव अकबरपुर, जानपुर, व कानाखेड़ा का निरीक्षण किया और मिशन इंद्र धनुष योजना के तहत कार्यों की हकीकत जानने के लिए घर घर सत्यापन किया।
जिसमें कई जगह कार्यों में लापरवाही मिलने पर स्वास्थ्य कर्मियों की फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। चिकित्साधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सुपरवाइजर प्रेम कुमारी व कमला रावत को कार्य में लापरवाही पर नोटिस थमा कर दो दिन में जवाब मांगा है, न देने पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। वहीं एएनएम रामजानकी का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए है।
उन्होंने बताया कि मिशन इंद्र धनुष के तहत 52 टीमें ब्लाक क्षेत्र में कार्य कर रही है जो 6 जनवरी से 16 जनवरी तक चलेगा। क्षेत्र में 255 बच्चे आंशिक रूप से बैक्सीन लगने से शेष बचे है वहीं 11 गर्भवती महिलाएं भी टीकाकरण से वंचित हैं मिली। छूटे बच्चों व गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण करवा कर शत प्रतिशत कार्यो को पूरा किया जा रहा है। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई भी की जा रही है। इस मौके पर गोविंद सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।