कुठौंद। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर चालक को चार बदमाशों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट कर रुपये व मोबाइल लूटकर भाग गए। क्लीनर की सूचना पर चालक के परिजन पहुंचे और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चालक का आरोप है कि बदमाशों ने उसके ऊपर चाकू से हमला किया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि गिरने से उसे चोट लगी है।
कोंच कोतवाली क्षेत्र के अटा गांव निवासी ट्रक चालक अंशुल कुमार शनिवार सुबह चार बजे क्लीनर रामलखन के साथ दिबियापुर, औरैया से ट्रक लेकर झांसी जा रहा था। जैसे ही ट्रक बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किमी संख्या 232 मिहौना गांव के पास पहुंचा, कि चालक अंशुल को शौच लगी। इस पर वह ट्रक एक्सप्रेसवे पर खड़ाकर शौच क्रिया के लिए सड़क किनारे चला गया।
इसी दौरान पीछे से आए चार बदमाशों ने उसे घेर लिया और रुपये मांगने लगे। जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद बदमाश उसकी जेब से 16 हजार रुपये व मोबाइल लूटकर भाग गए। शोर सुनकर क्लीनर वहां पहुंचा तो अंशुल लहूलुहान हालत में पड़ा था। सूचना पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। भाई अनुज की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी अजय बह्म तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर बदमाशों की तलाश की जा रही है। चाकू नहीं मारा गया, गिरने से चोट लगी है।