उरई/कुठौंद (जालौन)। शादी तय होने के बाद युवती के साथ युवक ने शारीरिक संबंध बनाकर अश्लील वीडियो भी बना लिया। युवक लगातार पांच वर्ष तक संबंध बनाता रहा। जब युवती के परिजनों ने शादी को कहा तो युवक के परिजनों ने दो लाख रुपयों की मांग की और असमर्थता जताने पर शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने युवती को तेजाब पिला दिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। युवती के परिजनों ने इसकी शिकायत एसपी से की। एसपी के निर्देश पर थाना पुलिस ने युवक समेत छह लोगों पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती के पिता ने एसपी सतीश कुमार को प्रार्थनापत्र देते हुए बताया कि उसने अपनी पुत्री की शादी पांच वर्ष पूर्व इंद्रपाल उर्फ रामू पुत्र जगजीवन राम निवासी मोहम्मदपुर, कुठौंद संग तय की थी। तब उसकी पुत्री की उम्र 17 वर्ष थी। इसलिए एक वर्ष बाद शादी करने को कहा था। शादी तय होने के बाद इंद्रपाल उसकी पुत्री से मोबाइल पर बातें करने लगा और घर आकर उससे संबंध भी बनाता रहा। फिर उसने कई बार युवक के परिजनों से शादी करने को कहा तो उन्होंने बेटे की नौकरी लगने की बात कहकर शादी टाल दी। कुछ समय पूर्व रिश्तेदारों की पंचायत में युवक व उसके परिजनों ने दो लाख रुपये की मांग की और असमर्थता जताने पर शादी करने से मना कर दिया।
14 सितंबर को इंद्रपाल अपने भाई टोनी के साथ गांव आया था और पुत्री को गांव के बाहर बुलाकर धमकी दी कि उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डाल देगा। बेटी ने हम लगों व पुलिस से शिकायत की बात की तो दोनों ने जबरन उसकी पुत्री को तेजाब पिला दिया। तेजाब पीने से पुत्री की हालत बिगड़ गई। इसपर उसने उरई, झांसी व दिल्ली में इलाज कराया। अभी भी उसकी हालत में सुधार नहीं है। इस पर एसपी ने कुठौंद थाना पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने इंद्रपाल उर्फ रामू उर्फ जगजीवनराम, जगजीवनराम पुत्र गोविंद सिंह, राजकुमारी पत्नी जगजीवन राम, डांडू पुत्र जगजीवनराम, सोनी और प्रियंका पुत्री जगजीवन राम निवासी मोहम्मद पुर के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट व आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष सुधाकर मिश्रा का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।